16 नवम्बर: धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 16 नवंबर से शुरू होगा। 21 नवंबर तक चलने वाले 14वीं विधानसभा के 13वें सत्र में कुल छह बैठकें होंगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने 15 नवंबर को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सत्र के सफल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं।
कुलदीप सिंह पठानियां ने बताया कि सत्र के पहले दिन पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया और 14वीं विधानसभा के सदस्य नंद लाल के निधन पर सदन में शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएंगे। सत्र के दौरान 21 नवंबर को शनिवार के दिन भी बैठक होगी, जबकि 19 नवंबर को गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा सदस्यों की ओर से प्रश्नों के माध्यम से कुल 414 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 219 तारांकित और 123 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा नियम 62 के तहत 13, नियम 63 के तहत 3, नियम 101 के तहत 3 और नियम 130 के तहत 9 सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इन सभी को आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को भेज दिया गया है।
विधायकों की ओर से उठाए गए प्रमुख मुद्दों में सड़कों और पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर, स्कूलों और महाविद्यालयों का उन्नयन, स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधाएं, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरना, पर्यटन, बागवानी, पेयजल आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे की रोकथाम, अपराध और परिवहन व्यवस्था शामिल हैं। इसके अलावा विधायकों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए हैं।
कुलदीप सिंह पठानियां ने बताया कि सत्र सुचारू रूप से चलाने के लिए 16 नवंबर को सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इसमें संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, सरकार के उप मुख्य सचेतक और भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक शामिल होंगे। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से सदन के संचालन में रचनात्मक सहयोग देने की अपील की, ताकि जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने शीतकालीन सत्र के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इसमें उपायुक्त कांगड़ा, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने अधिकारियों को तपोवन विधानसभा भवन और परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिसर में मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य भी समय रहते पूरा किया जाएगा।
सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में वाहनों की आवाजाही के लिए अलग-अलग प्रवेश और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। मुख्य प्रवेश द्वार नंबर-1 से विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों, नेता प्रतिपक्ष, मुख्य संसदीय सचिवों, विधायकों और कुछ वरिष्ठ अधिकारियों के वाहनों को प्रवेश मिलेगा। अन्य पासधारक वाहनों के लिए प्रवेश द्वार नंबर-2 निर्धारित किया गया है। विधानसभा की कार्यवाही देखने आने वाले लोगों को उपलब्धता के आधार पर दर्शक दीर्घा के पास जारी होंगे। उनके लिए गेट नंबर-7 से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी, जबकि मीडिया कर्मियों को गेट नंबर-1 और 5 से प्रवेश मिलेगा।
विधानसभा परिसर में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने शासकीय पास प्रमुखता से प्रदर्शित करने होंगे। पास किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में एंबुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी तैनात रहेगा।
विधानसभा भवन के अंदर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सत्र के दौरान मंत्रियों, विधायकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडिया कर्मियों के ठहरने की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की जाएगी। बैठक और प्रेस वार्ता के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने परिसर का निरीक्षण भी किया।