मुकेश अग्निहोत्री 15 नवंबर को हरोली को देंगे तीन बड़ी सौगातें, 3.50 करोड़ से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की रखेंगे आधारशिला

14 नवम्बर: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 15 नवंबर को हरोली विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे। वह दोपहर करीब 12:15 बजे हरोली में लगभग 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वीर सैनिक सामुदायिक भवन की आधारशिला रखेंगे। इस भवन के निर्माण से सैनिकों और पूर्व सैनिकों को बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों और अन्य आयोजनों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।

इससे पहले उपमुख्यमंत्री सुबह 11 बजे हरोली बस स्टैंड से हरोली-नई दिल्ली वोल्वो बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे खंड विकास अधिकारी कार्यालय हरोली से 14 ई-रिक्शा को भी रवाना करेंगे।

उपमुख्यमंत्री ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान को प्राथमिकता देते हुए कहा है कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों को नागरिक जीवन में भी उचित सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसी उद्देश्य से रामपुर पुल के समीप विकसित की जा रही न्यू हरोली की योजना में पूर्व सैनिक भवन को शामिल किया गया है। इसके अलावा घालुवाल चौक में भारतीय सेना का टैंक स्थापित करने के पीछे भी युवा पीढ़ी को सैनिकों के योगदान से प्रेरित करने की सोच है।

हरोली से नई दिल्ली के लिए वोल्वो बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को दिल्ली आने-जाने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। वहीं, 14 ई-रिक्शा के संचालन से स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *