HIET शाहपुर में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन की बैठक, आगामी यूथ गेम्स की तैयारियों पर चर्चा

14 नवम्बर: शाहपुर स्थित HIET ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन, जिला कांगड़ा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने और आगामी हिमाचल प्रदेश ओलंपिक यूथ गेम्स की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नरेंद्र अत्री ऑब्जर्वर के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, वेटलिफ्टिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी डॉ. प्रदीप शर्मा ने जिला कांगड़ा के नोडल अधिकारी के रूप में भाग लिया। इस दौरान कुश्ती, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, नेटबॉल, एथलेटिक्स और भारोत्तोलन सहित विभिन्न खेलों के समन्वयक मौजूद रहे।

बैठक में नरेंद्र अत्री ने कहा कि प्रदेश में खेलों के विकास के लिए सभी खेल संगठनों को आपसी तालमेल और सहयोग के साथ काम करना चाहिए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी हिमाचल प्रदेश ओलंपिक यूथ गेम्स युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेंगे।

इस दौरान खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने, नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विभिन्न खेल संघों के बीच समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। डॉ. प्रदीप शर्मा ने खेल गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए सभी खेल संगठनों की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया।

HIET ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने बैठक की मेजबानी पर प्रसन्नता जताते हुए प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *