धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी समारोह का आगाज, ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन को आरएस बाली ने दिए 10 लाख

14 नवम्बर: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय शताब्दी समारोह का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित इस समारोह का शुभारंभ नगरोटा बगवां के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने किया। मुख्य वन संरक्षक वासु कौशल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वह भी महाविद्यालय की पूर्व छात्रा रही हैं।

इस अवसर पर आरएस बाली ने महाविद्यालय के शताब्दी वर्ष पर ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन और सभी पूर्व विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला प्रदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल है। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा, शिक्षा, प्रशासन और सैन्य सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सेवाओं से संस्थान का नाम रोशन किया है। पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियां वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने वर्ष 1990 में स्थापित ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि एसोसिएशन पूर्व विद्यार्थियों को संस्थान से जोड़ने के साथ अकादमिक पुरस्कार समारोह, रक्तदान शिविर, वार्षिक सम्मेलन और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से योगदान दे रही है। ऐसे आयोजन संस्थान की गौरवशाली विरासत को संजोने और पुरानी यादों को ताजा करने का अवसर प्रदान करते हैं।

आरएस बाली ने समारोह में पहुंचे 80 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व विद्यार्थियों का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि अपने पुराने संस्थान के प्रति उनका लगाव और युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के लिए समारोह में शामिल होना प्रेरणादायक है। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय के ऑडिटोरियम परिसर में स्थित ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के कार्यालय में विभिन्न सुविधाएं विकसित करने के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह राशि दो दिनों के भीतर जारी कर दी जाएगी।

समारोह के दौरान विभिन्न विषयों और विधाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले एसोसिएशन के संस्थापक एवं प्रथम अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार तथा वर्तमान अध्यक्ष संजीव गांधी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। प्रसिद्ध लोक गायक विक्रम, वर्षा कटोच और संगीत कला केंद्र के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर डॉ. एनडी शर्मा, सेवानिवृत्त प्रोफेसर चन्द्ररेखा डढवाल, महाविद्यालय के प्राचार्य राकेश पठानिया, डॉ. कौल, विजय जयकारिया, डॉ. अश्वनी सहित विभिन्न विभागों में उच्च पदों पर सेवाएं दे चुके पूर्व विद्यार्थी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *