सिंधी राम ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा, कांग्रेस में वापसी को लेकर चर्चाएं तेज

13 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश की राजनीति में रामपुर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से छह बार विधायक रहे पूर्व मंत्री सिंधी राम ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को पत्र भेजकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की जानकारी दी है। हालांकि, भाजपा का कहना है कि फिलहाल उन्हें सिंधी राम का इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है।

सिंधी राम कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में रहे हैं। वर्ष 2003 से 2007 के बीच वह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सरकार में बागवानी एवं खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रहे थे। इससे पहले वह खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा का दामन थामा था। हालांकि, भाजपा में शामिल होने के बाद वह पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रमों और गतिविधियों में कम ही नजर आए।

सिंधी राम ने अपने इस्तीफे की वजह निजी कारणों को बताया है। उनका कहना है कि वह लंबे समय से भाजपा में असहज महसूस कर रहे थे और इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का मन बनाया। कांग्रेस में वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने इस संबंध में कोई फैसला नहीं लिया है। वह जल्द ही रामपुर जाकर अपने समर्थकों के साथ विचार-विमर्श करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी कांग्रेस के किसी नेता ने उनसे संपर्क नहीं किया है।

दरअसल, रामपुर विधानसभा सीट विधायक नंद लाल के निधन के बाद खाली हुई है। ऐसे में सिंधी राम के भाजपा छोड़ने के फैसले के बाद उनकी कांग्रेस में वापसी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कहा है कि पार्टी को अभी तक सिंधी राम का इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। उनका कहना है कि पत्र मिलने के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकेगा। फिलहाल सिंधी राम के अगले राजनीतिक कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *