13 नवम्बर: देहरा में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर मेन चौक से वार्ड नंबर-1 स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति गोदाम तक सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इसके तहत प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक इस मार्ग पर भारी वाहन नहीं चल सकेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से अक्सर जाम की स्थिति पैदा होती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। इसके अलावा पैदल राहगीरों, विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा, उपमंडल आयुर्वेदिक अस्पताल तक सुगम पहुंच और आपातकालीन सेवाओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित सड़क पहले से ही नो-पार्किंग जोन घोषित है और वहां लागू प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे। हालांकि, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों तथा आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं में तैनात वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
उपायुक्त ने नगर परिषद देहरा के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि मार्ग पर उचित स्थानों पर स्पष्ट साइनबोर्ड लगाए जाएं, ताकि लोगों को नो-पार्किंग जोन और भारी वाहनों पर लागू प्रतिबंध के समय की जानकारी मिल सके।