धर्मशाला में 24 से 31 दिसंबर तक सजेगा कांगड़ा कार्निवल, संस्कृति, व्यंजन और स्थानीय उत्पादों की दिखेगी झलक

13 नवम्बर: धर्मशाला में 24 से 31 दिसंबर तक पुलिस मैदान में कांगड़ा कार्निवल-2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्निवल में जिले की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय उत्पादों की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न व्यवस्थाओं और कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्निवल के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि में कांगड़ा की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय पहचान को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने बताया कि कांगड़ा कार्निवल के दौरान मैराथन, साइक्लिंग, फुटबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मिस एवं मिसेज कार्निवल, शेफ टूर्नामेंट, लिटरेचर फेस्टिवल, लाइट एंड साउंड शो तथा एंटी चिट्टा थीम पर नुक्कड़ नाटक भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

कार्निवल में जिले के स्वयं सहायता समूहों को भी भागीदारी का अवसर दिया जाएगा। इनके माध्यम से स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी। साथ ही कांगड़ा के पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि यहां आने वाले लोगों को जिले की खान-पान संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से रूबरू होने का मौका मिल सके।

बैठक में पेयजल, अग्निशमन, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता, शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने और आयोजन के दौरान लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, डीडीओ ग्रामीण विकास अभिनीत कात्यायन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *