9 अक्तूबर: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में टीला एनीकट के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। परिवार दीपावली का त्योहार मनाने अपने गृहग्राम जा रहा था।
पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ कार में सवार होकर गरियाबंद जिले के पसौद स्थित अपने पैतृक गांव जा रहे थे। रविवार रात करीब एक बजे अभनपुर के टीला एनीकट के पास पहुंचने पर तेज रफ्तार कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे नदी में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी से चारों के शव बाहर निकाले। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गोबरा नवापारा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने की बात सामने आई है, लेकिन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। दीपावली की खुशियां मनाने अपने गांव जा रहे परिवार के चार सदस्यों की मौत से परिजनों में शोक की लहर है।