ऊना के बदोली गांव में खूनी संघर्ष, पुरानी रंजिश में दंपति की मौत

9 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बदोली गांव में दीपावली की रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में थार गाड़ी से परिवार के सदस्यों को कुचलने और धारदार हथियार से हमला करने के आरोप सामने आए हैं। इस घटना में एक दंपति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में बदोली निवासी केशव ठाकुर ने बताया कि 8 नवंबर की रात वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। केशव का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर परमजीत ने उसके सिर पर दराट से वार किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ हाथापाई की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद जरनैल सिंह ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उनकी पत्नी वीना और सुषमा देवी को टक्कर मार दी।

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अजमेर सिंह निवासी बदोली ने शिकायत में आरोप लगाया कि रात करीब 9:30 बजे जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में सवार होकर उनके घर के मुख्य द्वार पर पहुंचा और तेज रफ्तार से गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा, बेटे ओंकार सिंह और बहू वीना देवी घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।

एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोली गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को साक्ष्यों के आधार पर खंगाला जा रहा है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *