30 अक्तूबर: श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार में 6.92 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से नौहराधार और आसपास के क्षेत्रों के करीब 50 हजार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से स्थानीय लोगों को अब स्वास्थ्य संबंधी उपचार के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। क्षेत्र में ही चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को समय पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह तथा श्री रेणुकाजी के विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहे।