27 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने होमगार्ड स्वयंसेवकों के महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी की है। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, महंगाई भत्ते की दर 45 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दी गई है। इस संशोधन के बाद होमगार्ड स्वयंसेवकों का कुल मासिक मानदेय 30,330 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, प्रतिदिन का मानदेय 1,011 रुपये होगा।
नए आदेशों के तहत होमगार्ड स्वयंसेवकों का मूल वेतन 20,200 रुपये तय किया गया है। इस पर 50 प्रतिशत की दर से 10,100 रुपये महंगाई भत्ता मिलेगा। इसके अतिरिक्त 30 रुपये वर्दी धुलाई भत्ते के रूप में दिए जाएंगे। इस तरह मूल वेतन, महंगाई भत्ते और वर्दी धुलाई भत्ते को मिलाकर कुल मासिक मानदेय 30,330 रुपये बनता है।
वित्त विभाग के कार्यालय ज्ञापन में पहली जुलाई, 2023 से एक प्रतिशत और पहली जनवरी, 2024 से चार प्रतिशत महंगाई भत्ते की वृद्धि का उल्लेख किया गया है। आदेश के अनुसार, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान अक्तूबर 2026 के मानदेय के साथ किया जाएगा। अक्तूबर के मानदेय का भुगतान नवंबर 2026 में होना है। ऐसे में होमगार्ड स्वयंसेवकों को नवंबर में मिलने वाले भुगतान में अतिरिक्त महंगाई भत्ते की राशि नकद दी जाएगी।
हालांकि, जुलाई 2023 से सितंबर 2026 तक की अवधि के एरियर का भुगतान अलग आदेशों के अनुसार किया जाएगा। फिलहाल जारी कार्यालय ज्ञापन में अक्तूबर 2026 के मानदेय के साथ अतिरिक्त महंगाई भत्ते के नकद भुगतान का प्रावधान किया गया है।
प्रदेश के होमगार्ड स्वयंसेवकों ने महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया है। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश की प्रतियां संबंधित प्रशासनिक सचिवों, पुलिस महानिदेशक, सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, जिला कोषागार अधिकारियों और होमगार्ड कमांडेंटों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।