07 फरवरी: शिमला जिले के उपमंडल रामपुर के डकोलर क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती को उपचार के लिए एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 5 फरवरी की शाम ट्यूशन पढ़ने आए बच्चों ने कमरे के अंदर युवती को अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। पड़ोसियों की मदद से युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल में मेडिकल अधिकारी द्वारा युवती के शव का परीक्षण उसकी माता की उपस्थिति में किया गया। जांच के दौरान शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। घटनास्थल से एक दुपट्टा पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में लिया है। कमरे से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
परिजनों और रिश्तेदारों से की गई प्रारंभिक पूछताछ में किसी प्रकार का संदेह सामने नहीं आया है। पुलिस ने बीएनएसएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।