नाहन के वाल्मीकि चौक पर स्वागत द्वार को लेकर बवाल, पथराव में पुलिसकर्मियों समेत कई घायल

24 अक्तूबर: सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के वाल्मीकि चौक के समीप शुक्रवार को स्वागत द्वार लगाने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने झड़प का रूप ले लिया और दोनों पक्षों की ओर से पथराव शुरू हो गया। इस घटना में पुलिसकर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए, जबकि मौके पर खड़े कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाल्मीकि चौक के समीप पिछले वर्ष क्षतिग्रस्त हुए एक स्वागत द्वार को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहसबाजी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों गुट आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने बीच-बचाव कर स्थिति संभालने का प्रयास किया। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करते हुए सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह सहित कुछ अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। झड़प में दोनों पक्षों के कई लोगों को भी चोटें आई हैं। वहीं, घटनास्थल पर खड़े कई वाहनों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एक वाहन तहसीलदार का भी बताया जा रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया। डीएसपी शक्ति सिंह, सदर थाना प्रभारी कुलबीर सिंह, एसडीएम नाहन और एएसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। प्रशासन के साथ दोनों गुटों के कुछ प्रबुद्ध लोगों ने भी लोगों को शांत करने और माहौल सामान्य बनाने के प्रयास किए।

इस विवाद के चलते वाल्मीकि चौक और आसपास के क्षेत्र में करीब चार घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस की मशक्कत के बाद हालात पर नियंत्रण पाया जा सका। घटना का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। नाहन से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर दोपहर के समय भारी जाम लग गया। शिमला और चंडीगढ़ की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से आम लोगों, यात्रियों और स्कूली बच्चों को कई घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ी।

एएसपी सिरमौर नरेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *