24 अक्तूबर: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के सेवानिवृत्त कर्मचारी अपनी पेंशन और अन्य वित्तीय देनदारियों के भुगतान के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। स्थिति यह है कि बीते दिसंबर के बाद सेवानिवृत्त हुए कई कर्मचारियों को अब तक पेंशन नहीं मिली है। उम्रभर निगम की बसों के माध्यम से प्रदेश की जनता को सेवाएं देने वाले ये कर्मचारी अब अपने हक के लिए आंदोलन करने की तैयारी में हैं।
लंबित वित्तीय मांगों को लेकर शुक्रवार को एचआरटीसी पेंशनर्स जॉइंट एक्शन कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने निगम के प्रबंध निदेशक शिवम प्रताप के साथ बैठक की। इस दौरान पेंशनरों ने रुकी हुई पेंशन और अन्य वित्तीय देनदारियों का मुद्दा उठाया। प्रबंध निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और समस्याओं को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
हालांकि, आश्वासन के बावजूद पेंशनरों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। जॉइंट एक्शन कमेटी ने निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 31 अक्तूबर तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो 3 नवंबर को एचआरटीसी मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। कमेटी के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर सेवानिवृत्त कर्मचारी इस बार दिवाली भी मुख्यालय के बाहर मनाएंगे।
बैठक में हिमाचल पथ परिवहन पेंशनर्स कल्याण संगठन के प्रधान देवराज ठाकुर, पेंशनर्स कल्याण मंच के सचिव रूप चंद शर्मा, अध्यक्ष बृज लाल, केसी चौहान, अजमेर ठाकुर और देवेंद्र चौहान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।