06 फरवरी : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर क्षेत्र में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऊहल-टौणीदेवी मार्ग पर एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक पूर्व सैनिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार (HP-24-1876) में सवार सभी लोग ऊहल से भेरड़ा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वाहन सुजानपुर के कक्कड़ गांव के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर सुजानपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हादसे में झौखर गांव निवासी 55 वर्षीय पूर्व सैनिक देशराज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि राजस्थान निवासी विक्की और किन्नौर निवासी राजू गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
टौणीदेवी के तहसीलदार सौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।