दोस्त की शादी से लौट रहे 30 वर्षीय संदीप की सड़क हादसे में मौत, पुलिस जांच में जुटी

05 फरवरी: ज्वालामुखी से सटे गुम्मर क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संदीप कुमार पुत्र रमेश, निवासी अपर घलौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार संदीप कुमार बीती रात अपने दोस्त की शादी में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान ज्वालामुखी के साथ लगते गुम्मर क्षेत्र में उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में संदीप की मौके पर ही मौत हो गई।

60 मीटर दूर मिला शव, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद संदीप का शव बाइक से करीब 60 मीटर दूर मिला, जबकि बाइक पीछे पड़ी हुई थी। इस स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मारी हो, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस यह जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है कि हादसा कैसे हुआ।

क्षेत्र में शोक की लहर

बताया जा रहा है कि संदीप कुमार पेशे से चौकीदार था और अपने मिलनसार व मेहनती स्वभाव के लिए जाना जाता था। युवक की असमय मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *