05 फरवरी: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुंदरनगर क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक सिल्वर रंग की कार से 690 ग्राम चरस बरामद कर चंडीगढ़ के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह कार्रवाई सुंदरनगर के हरा बाग क्षेत्र में नियमित यातायात जांच के दौरान की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 690 ग्राम चरस बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल वर्मा (32) निवासी सेक्टर-22, चंडीगढ़ और तरनदीप सिंह ओबेरोई (34) निवासी सेक्टर-22ए, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग की जा सकती है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि चरस कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
एसपी साक्षी वर्मा ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा