कमरे में गैस रिसाव बना मौत का कारण, दरवाजा खोलते ही धमाके में 28 वर्षीय युवक की गई जान

05 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के नालका (ब्राह्मण माजरा) में गैस रिसाव से हुए जोरदार धमाके में चंबा जिले के एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान राजीव कुमार (28) पुत्र हंसराज निवासी गांव एवा, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार राजीव कुमार बद्दी की एक निजी कंपनी में कार्यरत था और ब्राह्मण माजरा क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था। मंगलवार को वह रोज की तरह ड्यूटी पर जाने से पहले कमरे को लॉक कर गया था। इसी दौरान कमरे के भीतर एलपीजी गैस का रिसाव होता रहा।

शाम को ड्यूटी से लौटने के बाद जैसे ही राजीव ने कमरे का दरवाजा खोला, अंदर भरी गैस के कारण जोरदार धमाका हो गया। धमाके में राजीव गंभीर रूप से झुलस गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही राजीव ने दम तोड़ दिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *