दो माह से लंबित वेतन जल्द जारी होने की जगी उम्मीद, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दिया आश्वासन

9 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : हिमाचल प्रदेश व्यवसायिक प्रशिक्षक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से भेंट कर प्रदेश के 20 महाविद्यालयों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षकों के दो माह से लंबित वेतन का मुद्दा उठाया। महासंघ ने प्रशिक्षकों की आर्थिक परेशानियों से अवगत करवाते हुए लंबित वेतन जल्द जारी करवाने की मांग की।

महासंघ के सदस्यों ने बताया कि दो माह से वेतन न मिलने के कारण प्रशिक्षकों को घर-परिवार का खर्च चलाने, कमरों का किराया चुकाने और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही है। कई कर्मचारी कर्ज लेकर अपनी जरूरतें पूरी करने को मजबूर हैं। आगामी त्योहारों के मद्देनजर वेतन न मिलने से उनकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने महासंघ को आश्वासन दिया कि वह संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस विषय पर बातचीत कर लंबित वेतन जल्द जारी करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। उनके आश्वासन के बाद महासंघ ने उम्मीद जताई कि जल्द ही प्रशिक्षकों को राहत मिलेगी।

महासंघ ने बैठक करवाने में सहयोग के लिए आवाज ए हिमाचल टीवी चैनल के चेयरमैन अजय पंकिल का भी आभार व्यक्त किया। महासंघ के सदस्यों ने कहा कि उनके माध्यम से ही विधानसभा अध्यक्ष के साथ बैठक संभव हो पाई।

इस अवसर पर महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष तरसेम जरयाल, सलाहकार समिति के प्रदेश सदस्य कपिल शर्मा, रोहित सभरवाल, हितेश शर्मा, भूपेंद्र भंडारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *