9 अक्तूबर: नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम जनता की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए आयुक्त (मंदिर) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नवरात्रि पर्व 11 से 19 अक्तूबर, 2026 तक मनाया जाएगा, जबकि 20 अक्तूबर को दशहरा मनाया जाएगा। इस दौरान मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने मंदिरों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, प्रवेश एवं निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने तथा त्वरित प्रतिक्रिया दल और चिकित्सा सहायता दलों को तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ अस्थायी शौचालय, पेयजल और कूड़ेदानों की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया है। स्थानीय निकायों को चौबीसों घंटे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मंदिरों के समीप प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिए उचित ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू करने और पर्याप्त पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। पार्किंग, मार्गों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली का उपयोग करने को भी कहा गया है।
उपायुक्त ने मंदिर परिसरों और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा विद्युत एवं जलापूर्ति विभागों के साथ समन्वय बनाकर निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा है। जाखू मंदिर में एस्केलेटर सुविधा को एकतरफा और उचित दिशा में संचालित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नवरात्रि पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने और जारी निर्देशों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।