त्रियुंड, कारथानी और लुंटा में 10 और 11 अक्तूबर को रात्रि कैंपिंग पर रोक

9 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध ट्रैकिंग स्थलों त्रियुंड, कारथानी और लुंटा में 10 और 11 अक्तूबर को पर्यटकों के लिए रात्रि कैंपिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। धर्मशाला वन मंडल ने ट्रैकिंग मार्गों की मरम्मत और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। हालांकि, इन दोनों दिनों में पर्यटक दिन के समय ट्रैकिंग कर सकेंगे।

वन विभाग के आदेशों के अनुसार, दोनों दिन संबंधित रेंज अधिकारी और फील्ड स्टाफ इन क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। विभागीय टीमें पूरे क्षेत्र में निगरानी करेंगी, ताकि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन कर रात के समय कैंपिंग न कर सके।

विभाग ने टूर ऑपरेटरों और संबंधित एजेंसियों को भी 10 और 11 अक्तूबर के लिए कैंपिंग टिकट तथा परमिट जारी नहीं करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ वन अधिनियम और अन्य लागू नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा ने बताया कि ट्रैकिंग मार्गों के रखरखाव और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के मद्देनजर दो दिनों तक रात्रि कैंपिंग पर रोक लगाई गई है। उन्होंने पर्यटकों और ट्रैकर्स से विभागीय आदेशों का पालन करने तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में सहयोग देने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *