9 अक्तूबर: कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह ज्वाली में लोगों से संवाद कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और लोगों की शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ किसानों, पशुपालकों और गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि किसानों और पशुपालकों की आर्थिकी मजबूत करने तथा उनके हाथों में अधिक पैसा पहुंचाने को सरकार प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए गेहूं, मक्का, जौ और कच्ची हल्दी की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है। पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का खरीद मूल्य 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है। उन्होंने कहा कि दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि से पशुपालकों को प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब परिवारों के कल्याण के लिए भी विभिन्न योजनाएं चला रही है। अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक पेंशन देने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा पात्र परिवारों को 300 यूनिट बिजली उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है।
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से न छूटे और निर्वाचन प्रक्रिया में आमजन का विश्वास बना रहे।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।