बैजनाथ के दयोल में 130 किसानों को मिले कृषि उपकरण, विधायक किशोरी लाल ने बांटी किटें

9 अक्तूबर: विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के गांव दयोल में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के तहत कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक किशोरी लाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने करीब 14.80 लाख रुपये की लागत से 130 किसानों को स्प्रे पंप और कृषि संबंधी औजारों की किटें वितरित कीं।

विधायक किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और किसानों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर खेतीबाड़ी के कार्यों को आसान बनाना तथा उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्हें कृषि उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि खेतीबाड़ी के कार्यों में सुविधा मिलने के साथ उनके समय और मेहनत की बचत हो सके।

वाटरशेड विकास घटक 2.0 की जानकारी देते हुए विधायक ने कहा कि योजना का उद्देश्य वर्षा पर निर्भर कृषि क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना, जल एवं मृदा संरक्षण को बढ़ावा देना और किसानों की आजीविका को मजबूत बनाना है। इसके तहत जल संरक्षण एवं प्रबंधन से संबंधित कार्यों के साथ किसानों को कृषि उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिससे कृषि गतिविधियों को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि किसानों को स्प्रे पंप और कृषि औजारों की किटें उपलब्ध करवाने से खेतीबाड़ी के कार्यों में मदद मिलेगी। आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग से कृषि कार्य आसान होंगे और किसानों की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायता मिलेगी। इस तरह की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आर्थिकी में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, दयोल पंचायत के प्रधान अमित ठाकुर, उपप्रधान चमन कपूर, सुभाष शर्मा, सुमित सोनी, विवेक भट्ट, सुभाष राणा, संजीव कुमार और दिनेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *