8 अक्तूबर: अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग मंडी की ओर से संस्कृत सदन, कांगणीधार में ‘देई उत्सव-2026’ का आयोजन किया गया। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘बाल विवाह की कुप्रथा समाप्त हो एवं बालिकाओं के अधिकारों को बढ़ावा दें’ रही।
कार्यक्रम में नगर निगम मंडी की अतिरिक्त आयुक्त अपराजिता चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां किसी से कम नहीं हैं और हर युवती में अपार संभावनाएं हैं। ‘देई उत्सव’ का उद्देश्य बेटियों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना तथा उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध करवाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए मंडी प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। किसी व्यक्ति की पहचान उसके पहनावे से नहीं, बल्कि उसके काम और उपलब्धियों से होनी चाहिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अजय बदरेल ने बताया कि उत्सव में जिले के 25 स्कूलों की बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम ‘बच्चों द्वारा, बच्चों के लिए’ की अवधारणा पर आयोजित किया गया। बालिकाओं ने खेलकूद और रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चेस प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल राम नगर, मंडी के कक्षा आठवीं के अभिनव वर्मा ने प्रथम, पीएम श्री जी.एम.एस.एस.एस. मंडी की कक्षा 12वीं की अर्पिता ने द्वितीय और दयानंद आर्य विद्यालय मंडी के कक्षा 11वीं के कनिष्क ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बैडमिंटन अंडर-17 में केंद्रीय विद्यालय मंडी की स्वरांजली सिंह ठाकुर प्रथम, तक्षशिला इंटरनेशनल स्कूल मंडी की जसप्रीत द्वितीय और पीएम श्री जी.एम.एस.एस.एस. मंडी की निहारिका तृतीय रहीं। अंडर-14 वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगला की वृति प्रथम, महादेव पब्लिक स्कूल भांगरोटू की यामिनी द्वितीय और पीएम श्री स्कूल जे.एन.वी. मंडी की अनामिका तृतीय रहीं।
टेबल टेनिस में केंद्रीय विद्यालय मंडी की समृद्धि ठाकुर प्रथम, मॉडर्न हाई टेक रावपाली की मिष्टी द्वितीय और इसी विद्यालय की प्राध्या तृतीय रहीं। स्लोगन राइटिंग में एंग्लो संस्कृत मॉडल स्कूल की दिव्यांशी प्रथम, ओकवुड स्कूल की दीक्षा द्वितीय और राजकीय उच्च विद्यालय बहना की इशिता तृतीय रहीं। पोस्टर मेकिंग में दयानंद आर्य विद्यालय मंडी की अनन्या प्रथम, सेंट फ्रांसिस जेवियर्स कॉन्वेंट स्कूल धाउंडी की साविनी द्वितीय और एंग्लो संस्कृत मॉडल स्कूल के पर्व शर्मा तृतीय रहे।
रस्साकशी में सेंट फ्रांसिस जेवियर्स कॉन्वेंट स्कूल की टीम प्रथम, कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल लूणापानी की टीम द्वितीय और पीएम श्री स्कूल जे.एन.वी. मंडी की टीम तृतीय रही। ‘जस्ट ए मिनट’ प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल राम नगर की प्रज्ञा रावत प्रथम, हिमाचल प्रदेश इंस्टीट्यूट ऑफ चिल्ड्रन विद स्पेशल एबिलिटीज सुंदरनगर की सृष्टि द्वितीय और सेंट फ्रांसिस जेवियर्स कॉन्वेंट स्कूल की दिव्यांशी ठाकुर तृतीय रहीं।
इस अवसर पर वर्ष 2025-26 में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मैट्रिक और जमा दो परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मंडी जिले की मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
उत्सव में ग्रामीण विकास विभाग से संबद्ध स्वयं सहायता समूहों ने स्थानीय व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए। बच्चों को कूपन प्रणाली के माध्यम से निःशुल्क स्थानीय व्यंजन परोसे गए। इसके अलावा बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न फन गेम्स स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, जिला विकास अधिकारी गोपीचंद पाठक, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के अध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।