धर्मशाला कॉलेज में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और इको-टूरिज्म पर विद्यार्थियों को दी जानकारी

8 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला के विभाग ऑफ वोकेशनल स्टडीज (वी-वॉक) की ओर से वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं इको-टूरिज्म विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। वन्यजीव सप्ताह 2 से 8 अक्तूबर तक मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध जैव विविधता, वन्यजीवों की पहचान, संरक्षण तथा प्रकृति आधारित जिम्मेदार पर्यटन के महत्व से अवगत करवाना रहा।

कार्यक्रम में उड़नदस्ता मंडल (उत्तर), धर्मशाला वन विभाग के वन मंडलाधिकारी देविंदर सिंह डढ़बाल मुख्य वक्ता तथा उप वनपाल (डिप्टी रेंजर), उड़नदस्ता मंडल (उत्तर), धर्मशाला मेघ राज ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता देविंदर सिंह डढ़बाल ने विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध वन्यजीव एवं पक्षी विविधता की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न वन्यजीवों, पक्षियों, सरीसृपों और उनके प्राकृतिक आवासों के बारे में प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि प्रत्येक जीव पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और किसी भी प्रजाति का संरक्षण प्राकृतिक संतुलन के लिए आवश्यक है।

व्याख्यान के दौरान प्रवासी पक्षियों पर भी विशेष जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि हर वर्ष सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय कर विभिन्न प्रवासी पक्षी हिमालयी क्षेत्रों और पोंग झील जैसे आर्द्रभूमि क्षेत्रों में पहुंचते हैं। इनमें विभिन्न प्रजातियों के बतख, हंस, जलपक्षी, बगुले, सारस सहित अन्य पक्षी शामिल हैं। इनमें से कई पक्षी ठंडे क्षेत्रों से भोजन और अनुकूल जलवायु की तलाश में हिमाचल पहुंचते हैं और कुछ समय यहां बिताने के बाद वापस अपने मूल क्षेत्रों की ओर लौट जाते हैं।

विद्यार्थियों को विभिन्न पक्षी प्रजातियों के चित्र और स्लाइड दिखाकर उनकी पहचान, रंग-रूप, आकार, चोंच, पंख, आवास और व्यवहार के आधार पर पहचान करने की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि पक्षियों को देखने के दौरान उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए और उनके आवासों को नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए। वक्ता ने कहा कि हिमालय, धौलाधार पर्वत श्रृंखला, वन क्षेत्रों, नदियों, झीलों और आर्द्रभूमियों में वन्यजीवों एवं पक्षियों की समृद्ध विविधता पाई जाती है, जो हिमाचल को प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाती है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विभिन्न प्रजातियों के सांपों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बताया गया कि सभी सांप जहरीले नहीं होते और बिना सही जानकारी के किसी सांप को देखकर घबराना या उसे मारना उचित नहीं है। व्याख्यान के दौरान रस्सेल वाइपर का जीवित प्रदर्शन भी करवाया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को जहरीले सांप की पहचान, व्यवहार, प्राकृतिक आवास और उससे सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि सांप दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें, उसे छेड़ने या पकड़ने का प्रयास न करें और आवश्यकता पड़ने पर प्रशिक्षित वन विभाग के कर्मचारियों या विशेषज्ञों की सहायता लें।

सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक, चीरा लगाने या घरेलू उपचार के बजाय पीड़ित को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने की सलाह दी गई। इस जानकारी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वन्यजीवों के प्रति भय के बजाय जागरूकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।

मुख्य वक्ता ने वन्यजीवों की पहचान, उनके आवास, भोजन, व्यवहार और पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वन्यजीव प्राकृतिक खाद्य श्रृंखला, परागण, बीज प्रसार, वन पुनर्जनन और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों में भ्रमण के दौरान जिम्मेदार पर्यटक की भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में प्लास्टिक और कूड़ा न फैलाना, तेज आवाज न करना, वन्यजीवों को भोजन न देना तथा उनके प्राकृतिक आवास में अनावश्यक हस्तक्षेप से बचना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

व्याख्यान में वन्यजीव संरक्षण और इको-टूरिज्म के बीच संबंध पर भी चर्चा की गई। वक्ता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, हिमालय और धौलाधार पर्वत श्रृंखलाएं, वन क्षेत्र, नदियां, झीलें तथा पोंग झील जैसे आर्द्रभूमि क्षेत्र इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं रखते हैं। प्राकृतिक संसाधनों और वन्यजीवों का संरक्षण सुनिश्चित कर पक्षी-दर्शन, प्रकृति भ्रमण, वन्यजीव पर्यटन और पर्यावरण शिक्षा जैसी गतिविधियों को जिम्मेदार एवं सतत तरीके से विकसित किया जा सकता है। इससे स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

इस अवसर पर प्रशिक्षक तरसेम जरयाल ने मुख्य वक्ता एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. दीपिका ठाकुर, प्रशिक्षक कपिल शर्मा, प्रशिक्षक अंशुल राणा, रोहित सभरवाल, तरसेम जरयाल, दर्शना ठाकुर, हितेश शर्मा सहित वी-वॉक विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *