8 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय छात्र संघ (CSCA) के मनोनीत पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में CSCA पदाधिकारियों, कक्षा प्रतिनिधियों तथा विभिन्न शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रो. राकेश पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय प्राचार्य ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए मनोनीत CSCA पदाधिकारियों ने पद एवं कर्तव्यों की शपथ ली। अध्यक्ष पद पर एमए जियोग्राफी तृतीय सेमेस्टर की रश्मी शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर केमिस्ट्री प्रथम सेमेस्टर की तन्वी राणा, सचिव पद पर बीकॉम तृतीय वर्ष की शाव्या तथा सह-सचिव पद पर भावना ने शपथ ग्रहण की।
मुख्य अतिथि प्रो. राकेश पठानिया ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि छात्र संघ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि पद प्राप्त करना केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि इसके साथ बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी होती है। उन्होंने पदाधिकारियों से विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उन्हें सकारात्मक और लोकतांत्रिक तरीके से महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष रखने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, संवाद कौशल, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास भी आवश्यक है। विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
CSCA सलाहकार समिति के समन्वयक डॉ. संजय जसरोटिया ने कहा कि केंद्रीय छात्र संघ विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने मनोनीत पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और अनुशासन के साथ करने तथा व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर विद्यार्थी हित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं के प्रतिनिधियों तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रो. अंजलि शर्मा, डॉ. नरेश मनकोटिया, डॉ. बलराज, डॉ. विक्रम श्रीवत्स, प्रो. हर्षा राणा, प्रो. अंजना खरवाल, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. नरेश कुमार, डॉ. संजीव राणा, डॉ. सुमन, प्रशिक्षक तरसेम जरयाल सहित अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।