7 अक्तूबर: शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लांझणी में विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बुधवार को लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को पंचायत घर की भूमि विभाग के नाम करने संबंधी सभी औपचारिकताएं एक माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त फुटब्रिज की मरम्मत शीघ्र करवाने के आदेश दिए।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि लांझणी क्षेत्र के लोगों की आवागमन संबंधी समस्या को देखते हुए जल्द ही सुबह और शाम बस सेवा शुरू की जाएगी।
पेयजल समस्या के समाधान के लिए उन्होंने जल शक्ति विभाग को आवश्यक निर्देश देते हुए लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाने को कहा।
ग्राम पंचायत प्रधान वनीता देवी ने लांझणी पहुंचने पर विधायक का स्वागत किया और क्षेत्र की सड़क, रास्तों तथा बस सेवा से संबंधित विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू तथा पूर्व प्रधान बलवीर चौधरी ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, बीडीओ रैत योगेंद्र, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, बीडीसी रक्षा देवी, उपप्रधान नानक, वार्ड सदस्य विमला, शशि, सीमा देवी, सरला देवी, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।