रैहन में पेड़ से टकराई बाइक, फतेहपुर के युवक की मौत, दो साथी घायल

6 अक्तूबर: कांगड़ा जिले के रैहन में जसूर-तलवाड़ा मार्ग पर सोमवार रात स्कूल खेल मैदान के समीप एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार फतेहपुर क्षेत्र निवासी अमन गुलेरिया की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार हादसे के बाद टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क किनारे गहरी झाड़ियों में जा गिरे। रात के अंधेरे के कारण राहगीरों को हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी और तीनों युवक घायल अवस्था में कई घंटे तक झाड़ियों में पड़े रहे।

मंगलवार सुबह हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को झाड़ियों से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल रैहन पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अमन गुलेरिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायल युवकों का उपचार जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *