बाइक की चेन में दुपट्टा फंसने से बुजुर्ग महिला की मौत

05 फरवरी: राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर रक्कड़ के पास बुधवार देर सायं एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय महिला की जान चली गई। बाइक की चेन में दुपट्टा फंसने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान रक्षा देवी (63) पत्नी रूप सिंह चौहान, निवासी गांव गुरल, तहसील देहरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रक्षा देवी की पुत्रवधू रक्कड़ स्थित ट्रेजरी कार्यालय में कार्यरत है और किराए के कमरे में रहती है। उसका एक छोटा बेटा भी है, जिसकी देखभाल के लिए रक्षा देवी अक्सर रक्कड़ आती-जाती रहती थीं। बुधवार देर सायं वह अपने गांव गुरल से रक्कड़ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अप्पर रक्कड़ क्षेत्र में अचानक उनका दुपट्टा बाइक की चेन में फंस गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही रक्कड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *