3 अक्तूबर: बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) चौंतड़ा के अंतर्गत मतेहड़ वृत्त के सौं गांव में पंचायत प्रधान नैन्सी ठाकुर की अध्यक्षता में नवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत वृत्त स्तरीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वृत्त पर्यवेक्षक यशवंत कुमार तथा एएमओ डॉ. बिंदु भी उपस्थित रहे।
वृत्त पर्यवेक्षक यशवंत कुमार ने ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के तहत आहार में विविधता, पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था की देखभाल एवं विकास, सामुदायिक भागीदारी तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित मातृत्व, स्वच्छता और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के विशेष पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी देखभाल के बारे में भी जागरूक किया।
एएमओ डॉ. बिंदु ने महिलाओं को माइक्रोन्यूट्रिएंट्स, आयरन, विटामिन-ए सहित आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेने तथा संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेहतर पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य ही समृद्धि की कुंजी हैं।