1 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के व्यावसायिक अध्ययन विभाग के बी.वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ITC Fortune Park Moksha, Dharamshala के HR Manager संजीव कुमार शर्मा ने बतौर गेस्ट स्पीकर विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन उद्योग से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी उद्योग में सफल करियर के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ व्यवहारिक कौशल, बेहतर कम्युनिकेशन, टीमवर्क, सकारात्मक दृष्टिकोण, ग्राहक सेवा और प्रोफेशनल एटीट्यूड का विशेष महत्व है। उन्होंने अपने औद्योगिक अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा करते हुए कार्यस्थल पर आने वाली विभिन्न परिस्थितियों और उन्हें प्रभावी ढंग से संभालने के तरीकों पर चर्चा की।
उन्होंने हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों, इंटरव्यू स्किल्स और रोजगार की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका संजीव कुमार शर्मा ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बी.वॉक डिग्री पूरी करने के बाद योग्य विद्यार्थियों को ITC Fortune Park Moksha में उपलब्ध रोजगार अवसरों और इंटरव्यू प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रशिक्षक तरसेम जरयाल ने मुख्य वक्ता संजीव कुमार शर्मा का स्वागत किया और विद्यार्थियों के साथ अनुभव साझा करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के इंडस्ट्री-इंटरैक्शन विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर प्रशिक्षक अंशुल राणा, दर्शना ठाकुर, शिखा व्यास सहित बी.वॉक हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और व्यावहारिक रहा।