शादी से सात दिन पहले युवक की सड़क हादसे में मौत, खुशियों वाला घर मातम में बदला

04 फरवरी: हमीरपुर जिले के नेरी गांव से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। जिस घर में 9 फरवरी को शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। शादी से ठीक सात दिन पहले विशाल मिन्हास (30) पुत्र संतोष की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

विशाल पंजाब के खरड़ में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। बीते सोमवार को वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था, इसी दौरान पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विशाल संतुलन खो बैठा और सामने से आ रहे टिप्पर की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के अनुसार विशाल कुछ माह पहले ही काम पर गया था और घर में शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। शादी के कार्ड बांटे जा चुके थे, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ बदल दिया।

मृतक विशाल अपने पीछे माता-पिता और छोटे भाई को छोड़ गया है। मंगलवार को गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, मृतक के पिता संतोष उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में आउटसोर्स कर्मचारी हैं, जबकि माता अनीता गृहिणी हैं। छोटा भाई एक निजी कंपनी में कार्यरत है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *