26 सितंबर, नरेश मलोटिया : पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन की छात्राओं अन्वी और वान्या राजपूत ने जिला स्तरीय वर्तनी प्रतिभा प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उपलब्धि पर विद्यालय पहुंचने पर दोनों छात्राओं का भव्य स्वागत किया गया।
विद्यालय के संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि खंड स्तरीय स्पेल एवं मैथ्स विजार्ड प्रतियोगिता के बाद भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से नादौन और गलोड़ खंड के विजेता विद्यार्थियों के बीच जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें दोनों खंडों के विजेता विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उप निदेशक, गुणवत्ता नियंत्रण-सह-जिला परियोजना अधिकारी नवीन कुमार भी मौजूद रहे और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
स्पेल विजार्ड वर्ग में नादौन स्कूल की छात्राओं अन्वी और वान्या राजपूत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में उनके साथ विद्यालय की अंग्रेजी प्रवक्ता एवं मार्गदर्शिका अध्यापिका सोनिका भी उपस्थित रहीं।
छात्राओं की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने अन्वी, वान्या राजपूत और उनकी मार्गदर्शिका सोनिका का स्वागत किया। उन्होंने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और सीखने की प्रवृत्ति विकसित करती हैं। इस अवसर पर विद्यालय के अन्य अध्यापक भी मौजूद रहे और उन्होंने दोनों छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।