गरली के पास बेसहारा पशुओं को बचाने के चक्कर में बिजली के पोल से टकराई कार, चालक सुरक्षित

26 सितम्बर: कांगड़ा जिला के गरली गांव के समीप बणी के मट-उमरा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। नंगल से धर्मशाला की ओर जा रही एक कार सड़क पर अचानक आए बेसहारा पशुओं को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डंगे और बिजली के एलटी पोल से जा टकराई। हादसे में कार चालक सुरक्षित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 12 बजे कार नंबर HP 90-3931 नंगल से धर्मशाला की ओर जा रही थी। मट-उमरा के पास एक मोड़ पर अचानक सड़क पर बेसहारा पशु आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन डंगे तथा बिजली के एलटी पोल से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली विभाग का एलटी पोल टूट गया और कार चालक की तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले और घटनास्थल पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे के बाद एक बड़ा खतरा भी टल गया। टक्कर से बिजली का पोल टूट गया, लेकिन उस पर लगी चालू बिजली की तारें नहीं टूटीं। यदि तारें टूटकर कार या सड़क पर गिर जातीं तो गंभीर स्थिति पैदा हो सकती थी।

घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कार चालक के बीच नुकसान को लेकर आपसी समझौता हो गया। दोनों पक्षों में सहमति बनने के कारण पुलिस में इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *