04 फरवरी:
हिमाचल प्रदेश में स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति के लिए 100 विद्यार्थियों का चयन कर लिया गया है। एससीईआरटी सोलन ने इस संबंध में जिलावार परीक्षा परिणाम घोषित कर अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। यह परीक्षा नवंबर माह में आयोजित की गई थी।
चयनित विद्यार्थियों को कक्षा के अनुसार प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छठी कक्षा के छात्रों को 4,000 रुपये, सातवीं कक्षा को 5,000 रुपये और आठवीं कक्षा के छात्रों को 6,000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी। यह राशि नए शैक्षणिक सत्र से नियमित रूप से प्रदान की जाएगी।
एससीईआरटी सोलन द्वारा चयनित विद्यार्थियों के बैंक खाते और अन्य आवश्यक दस्तावेज एकत्रित किए जा रहे हैं, जिन्हें शीघ्र ही निदेशालय को भेजा जाएगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया शुरू होगी।
एससीईआरटी सोलन की प्रिंसिपल डॉ. रीतू शर्मा सोनी ने बताया कि जिलावार परिणाम वेबसाइट पर उपलब्ध हैं और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हर वर्ष दो चरणों में स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट परीक्षा आयोजित की जाती है।
उधर, आगामी सत्र के लिए स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट परीक्षा का प्रथम चरण 5 अप्रैल को प्रदेश भर के 324 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में भाग लेने के लिए कक्षा पांचवीं के विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।