प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिला सांख्यिकी अधिकारी ने की आत्महत्या, राजगढ़ की घटना

04 फरवरी : उपमंडल राजगढ़ के हाब्बन क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चिंताजनक मामला सामने आया है। कोढ़ब बागना निवासी एवं जिला सांख्यिकी कार्यालय सोलन में कार्यरत प्रेम प्रकाश भगनाल (40) ने सोमवार को आत्महत्या कर ली। यह घटना उनके गांव के समीप जंगल क्षेत्र में सामने आई।

जानकारी के अनुसार, अधिकारी घटनास्थल पर दो पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ गए हैं, जिसमें उन्होंने प्रशासनिक कार्यशैली, विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के व्यवहार तथा आपसी संवाद की कमी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। नोट में स्पष्ट किया गया है कि यह कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं था, बल्कि सिस्टम में मौजूद खामियों और कार्य दबाव के कारण वे मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान थे।

मृतक के पिता केदार सिंह सहित परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। परिजनों के अनुसार, प्रेम प्रकाश कुछ दिनों से अवकाश पर घर आए हुए थे और मानसिक तनाव में थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी उन पर गलत ढंग से कार्य करने का दबाव बना रहे थे, जिससे उनकी मानसिक स्थिति प्रभावित हो रही थी।

प्रेम प्रकाश अपने पीछे पत्नी, चार वर्षीय पुत्र और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एएसपी योगेश रोल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *