25 सितंबर: राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने पालमपुर में 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार उत्कृष्ट किसान प्रशिक्षण एवं ऊतक संवर्धन प्रयोगशाला केंद्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि यह केंद्र किसानों और बागवानों के लिए भविष्य में काफी उपयोगी साबित होगा।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि केंद्र में जिला कांगड़ा सहित प्रदेश के अन्य जिलों के किसान-बागवान कृषि और बागवानी से जुड़ी नवीनतम तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। केंद्र को एक साथ 30 किसानों-बागवानों के प्रशिक्षण के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। प्रशिक्षण लेने वालों के लिए यहां ठहरने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और बागवानों के कल्याण के लिए कई योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। एचपी शिवा परियोजना के प्रथम चरण के तहत निर्धारित 3000 हेक्टेयर क्षेत्र के लक्ष्य में से अब तक करीब 2612 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जा चुका है, जबकि 1543 हेक्टेयर में पौधरोपण पूरा हो चुका है। करीब 1000 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण का कार्य जुलाई से सितंबर तक किया जा रहा है। शेष क्षेत्र में पौधरोपण जनवरी-फरवरी 2027 में पूरा किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि एचपी शिवा परियोजना के तहत 3000 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए 331 क्लस्टरों का चयन किया गया है, जिससे करीब 10,646 किसान परिवार लाभान्वित होंगे। परियोजना के दूसरे चरण के लिए भी सर्वेक्षण कार्य जारी है। अब तक करीब 2500 हेक्टेयर क्षेत्र की पहचान की जा चुकी है, जबकि 2153 हेक्टेयर क्षेत्र में सर्वेक्षण चल रहा है। 1200 हेक्टेयर क्षेत्र की डीपीआर तैयार कर तकनीकी स्वीकृति के लिए एशियन विकास बैंक (एडीबी) को भेजी गई है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा से प्रभावित लोगों के लिए भी सहायता राशि में बढ़ोतरी की है। आपदा में क्षतिग्रस्त भवनों के निर्माण के लिए अब सात लाख रुपये की राशि प्रदान की जा रही है, जबकि पहले यह राशि करीब 1.50 लाख रुपये थी। उन्होंने कहा कि भेड़-बकरी पालकों और आपदा में जमीन गंवाने वाले किसानों के मुआवजे में भी बढ़ोतरी की गई है।
कार्यक्रम के दौरान बागवानी विभाग की ओर से मंत्री का स्वागत किया गया। स्थानीय विधायक आशीष बुटेल ने केंद्र के लोकार्पण के लिए मंत्री का आभार जताया।
इस अवसर पर बीसीसी अध्यक्ष त्रिलोक चंद, महापौर राधा सूद, उपमहापौर नीलम मलिक, नगर निगम आयुक्त नेत्रा मेती, बागवानी विभाग के निदेशक डॉ. सतीश शर्मा, एसडीएम डॉ. ओपी यादव, संयुक्त निदेशक डॉ. कमलशील नेगी, उपनिदेशक बागवानी कांगड़ा डॉ. अलक्ष पठानिया, उपनिदेशक उत्कृष्ट प्रशिक्षण केंद्र पालमपुर डॉ. रंजना गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि और किसान-बागवान मौजूद रहे।