शाहपुर, 4 फरवरी
हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में सुक्खू सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत परगोड़ पंचायत के गुब्बर गांव में 500 किलोवाट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोलर प्लांट के लिए चिह्नित स्थल का निरीक्षण करने के उपरांत दी।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि इस सोलर पावर प्लांट के निर्माण पर लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस परियोजना से प्रतिवर्ष करीब 8 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया जाएगा, जिसे प्रदेश सरकार 3.45 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार हरित ऊर्जा उत्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी दिशा में राज्यभर में सोलर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।
केवल सिंह पठानिया ने विश्वास जताया कि इस सोलर परियोजना से स्थानीय विकास को गति मिलेगी और क्षेत्र में स्वच्छ व टिकाऊ ऊर्जा को प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।