करसोग में स्वच्छता अभियान के दौरान 210 किलो कचरा एकत्रित

19 सितम्बर: ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के तहत नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 7 में शनिवार को सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में नगर पंचायत के पदाधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ‘अपना पुस्तकालय’ में पढ़ने आने वाले छात्रों ने भी सहभागिता की।

अभियान के दौरान मिनी सचिवालय करसोग से तहसील कार्यालय परिसर तक साफ-सफाई की गई। इस दौरान करीब 210 किलोग्राम कचरा एकत्रित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष किशोर कुमार गुप्ता और उपाध्यक्ष उत्तम चौहान ने भी अभियान में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष किशोर कुमार गुप्ता ने उपस्थित बच्चों और लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कचरा पृथक्करण के बारे में जानकारी देते हुए लोगों से गीले, सूखे, घरेलू और अन्य कचरे को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर करसोग के लिए आम जनता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने में सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर पार्षद बंशी लाल, नरेंद्र कुमार और सैना देवी, सफाई पर्यवेक्षक विपुल राणा, कनिष्ठ अभियंता नितेश वर्मा, कम्युनिटी ऑर्गेनाइजर वंदना, नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *