बैजनाथ में 1 किलो 813 ग्राम चरस बरामद, छह गिरफ्तार, तीन वाहन जब्त

14 सितंबर: हिमाचल प्रदेश सरकार के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 813 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों के संरक्षण में सौंप दिया गया है।

सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस थाना बैजनाथ के तहत गनखेतर रेलवे क्रॉसिंग के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 813 ग्राम चरस बरामद की। मामले में नशे की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (28) निवासी गांव खारमेनखर, डाकघर जैनद, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, अशोक कुमार (35) निवासी गांव नंदौर कलां, डाकघर जांजगीर चांपा, तहसील रायगढ़, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़), अश्वनी कुमार (23) निवासी गांव मंझेरनु, डाकघर पंचरुखी, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, अतुल कुमार (24) निवासी गांव रामनगर, डाकघर टाटेहल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, आयुष कुमार (21) निवासी गांव मंझेरनु, डाकघर पंचरुखी, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा और अक्षय कुमार (27) निवासी गांव रामनगर, डाकघर टाटेहल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। इनके साथ एक 17 वर्षीय किशोर भी शामिल था, जिसे पुलिस ने परिजनों के संरक्षण में सौंप दिया है।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ऑल्टो K10 कार नंबर HP 01 DA 1762, होंडा स्कूटी नंबर HP 37 G 3170 और पल्सर 220 मोटरसाइकिल नंबर HP 37 J 1763 को कब्जे में लिया है। पुलिस थाना बैजनाथ में ND&PS Act की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस द्वारा अब बरामद चरस के मुख्य स्रोत और इसकी सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि आसपास किसी व्यक्ति के नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की जानकारी मिलने पर तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *