12 सितम्बर: स्वच्छ हवा और नशा मुक्त सुंदरनगर का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को सुंदरनगर में साइकिल रैली आयोजित की गई। उपमंडलाधिकारी (ना.) सुंदरनगर अमर नेगी के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में विभिन्न स्कूलों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पॉलीटेक्निक कॉलेज ग्राउंड सुंदरनगर से क्रयांश के संस्थापक एवं हिमाचल डेंटल कॉलेज में फार्माकोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. धर्मेश शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली चतरोखड़ी चौक, सिनेमा चौक, भोजपुर बाजार और पुराना बस स्टैंड से होते हुए छुक-छुक मेल पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली की खास बात यह रही कि एसडीएम अमर नेगी स्वयं विद्यार्थियों के साथ साइकिल पर सबसे आगे रहे और उनका उत्साह बढ़ाया। विद्यार्थियों ने साइकिल चलाकर स्वच्छ परिवहन अपनाने, प्रदूषण कम करने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि यह आयोजन नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (NCAP) के तहत चलाए जा रहे ‘स्वच्छ हवा, सुंदरनगर’ और ‘नशा मुक्त सुंदरनगर’ अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से सुंदरनगर के विभिन्न स्कूल इस मुहिम से जुड़कर जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ सुंदरनगर बनाने के लिए प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। स्वच्छ हवा और नशा मुक्त सुंदरनगर बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।