12 सितंबर: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शुक्रवार को हमीरपुर के निकटवर्ती गांव हरनेड़ में हिम कृषि योजना के तहत करीब 10.17 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना का उद्घाटन किया। इस योजना से गांव की करीब 80 कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर गांववासियों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किसानों की आय बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्राकृतिक खेती से तैयार गेहूं, मक्की, हल्दी और जौ के लिए सरकार ने अलग से उच्च मूल्य निर्धारित किए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस तरह की व्यवस्था करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
उन्होंने कहा कि हरनेड़ गांव को प्राकृतिक खेती के लिए आदर्श गांव घोषित किया गया है। इसके लिए गांववासी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान हमीरपुर जिले के लिए कई बड़ी परियोजनाएं मंजूर की गई हैं। जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के नए परिसर में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के साथ अलग मातृ-शिशु अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान सहित अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा हमीरपुर के लिए प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा, हेलीपोर्ट और कई अन्य बड़ी परियोजनाएं भी मंजूर की गई हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने गांववासियों से चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के लिंक रोड और रास्तों की मरम्मत के साथ पुराने कुएं के जीर्णोद्धार के लिए भी धनराशि का प्रावधान करवाया जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीडी शर्मा और आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया। उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी देने के साथ प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में हरनेड़ गांव की उपलब्धियों से भी अवगत करवाया।
इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, प्रगतिशील किसान ललित कालिया, कृषि विभाग और आतमा परियोजना के अधिकारी, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि तथा अन्य किसान मौजूद रहे।