प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भयारटा में किसान गोष्ठी आयोजित

12 सितंबर: कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश, जिला मंडी के विकास खंड धनोटू द्वारा आत्मा परियोजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत भयारटा में एक दिवसीय किसान गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मंडी जिला के परियोजना निदेशक डॉ. राकेश पटियाल, धनोटू विकास खंड के खंड विकास अधिकारी मनमोहन शर्मा, बल्ह विकास खंड के विषय विशेषज्ञ डॉ. विजय चौहान सहित उद्यान विकास अधिकारी, पशुपालन विभाग के अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

गोष्ठी के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती के लाभ, खेती की लागत कम करने और कृषि को अधिक टिकाऊ बनाने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी किसानों को दी। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए किसानों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

अधिकारियों ने किसानों से आग्रह किया कि वे अपने नजदीकी लोकमित्र केंद्र में जाकर एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि भविष्य में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री महत्वपूर्ण होगी।

इस दौरान किसानों ने विभागीय अधिकारियों के साथ खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *