नादौन में अंडर-14 छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, 30 स्कूलों की 238 छात्राएं ले रहीं हिस्सा

11 सितंबर ,नरेश मलोटिया: पीएम श्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में अंडर-14 छात्राओं की खंड स्तरीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में नादौन खंड के करीब 30 विद्यालयों की 238 छात्राएं कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और शतरंज की विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा ले रही हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने वॉलीबॉल खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने दीप प्रज्वलित किया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंची खिलाड़ी छात्राओं ने मुख्य अतिथि को सलामी देकर उनका स्वागत किया। सलामी का नेतृत्व विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका सविता ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार, उप-प्रधानाचार्य परमजीत सिंह, पीईटी एवं खेल प्रभारी संजीव कौशल सहित स्टाफ और डीएसएसए हमीरपुर से आए शारीरिक शिक्षकों ने एसडीएम निशांत शर्मा को सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसडीएम के वरिष्ठ लिपिक अश्विनी कुमार, प्रतियोगिता समन्वयक नरेश कुमार, सह-समन्वयक पंकज कोंडल व अजय शर्मा सहित अन्य शारीरिक शिक्षक मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व प्रधान रीमा देवी, कांग्रेस पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के कोच एवं प्रभारी, एसएमसी पदाधिकारी, व्यापारी, अभिभावक तथा एनएसएस, एनसीसी और स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवी भी उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए एसडीएम निशांत शर्मा ने कहा कि यह खुशी की बात है कि हिमाचल प्रदेश में लड़कियां भी खेलों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी समानता और सशक्तिकरण का प्रतीक है। छात्राएं अब विभिन्न खेलों में आगे बढ़ रही हैं और क्रिकेट सहित कई प्रतियोगिताओं में भी उनकी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और धैर्य जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्राओं, कोच और प्रभारी शिक्षकों का नादौन में स्वागत किया तथा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने और नए अनुभव हासिल करने का अवसर प्रदान करेगी।

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और शतरंज में छात्राओं के बीच मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विद्यालय और डीएसएसए हमीरपुर की ओर से विभिन्न समितियों एवं शारीरिक शिक्षकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रतियोगिता को लेकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला और विभिन्न विद्यालयों से पहुंची टीमों ने अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *