11 सितंबर: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर में 14 सितंबर 2026 को अप्रेंटिस मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न कंपनियां युवाओं को अप्रेंटिसशिप और रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए संस्थान में पहुंचेंगी।
मेले में आईटीआई के सभी ट्रेडों के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। इसके अलावा 10वीं, 12वीं, डिप्लोमा और डिग्री धारक युवा भी अपनी योग्यता के अनुसार अवसर तलाश सकेंगे। मेले में लड़के और लड़कियां दोनों भाग ले सकते हैं।
अप्रेंटिस मेले के माध्यम से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों से जुड़ने और अपनी योग्यता के अनुरूप अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर प्राप्त करने का मौका मिलेगा। यह मेला विशेष रूप से उन युवाओं के लिए उपयोगी रहेगा, जो तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के बाद औद्योगिक अनुभव हासिल कर अपने करियर की शुरुआत करना चाहते हैं।
मेले के सफल आयोजन के लिए संस्थान स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आईएमसी अध्यक्ष ई. सुरजीत राणा के मार्गदर्शन और प्रधानाचार्य ई. रवि कुमार के नेतृत्व में आयोजन किया जा रहा है। समूह अनुदेशक एवं प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी ई. नेक राम, समूह अनुदेशक ई. मनोज ठाकुर और ई. कौशल्या देवी सहित संस्थान की टीम मेले की तैयारियों में जुटी हुई है।
हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग एवं दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित होने वाले इस मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को उद्योगों से जोड़ना, उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध करवाना और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना है।
अप्रेंटिस मेले में भाग लेने के इच्छुक युवा 14 सितंबर को राजकीय आईटीआई शाहपुर पहुंचकर अपनी योग्यता के अनुसार उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।