केवल सिंह पठानिया ने किया डढम्ब स्कूल के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण, 14 माह में 33 लाख से बने तीन कमरे

11 सितंबर: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राजकीय उच्च विद्यालय डढम्ब में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन अतिरिक्त कमरों वाले भवन का लोकार्पण किया। भवन का निर्माण महज 14 माह में पूरा किया गया है।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने भवन के लिए 33 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। प्रदेश के कुछ सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। आने वाले समय में अन्य सरकारी स्कूलों में भी सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है।

पठानिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में डढम्ब पंचायत में करीब 1 से 1.50 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। वहीं, चंबी मैदान के विकास पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और इसका कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि डढम्ब पंचायत में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए करीब 29 लाख रुपये खर्च कर तीन हैंडपंप स्थापित किए गए हैं। तीनों हैंडपंपों में विद्युत मोटर भी लगाई गई हैं।

इस दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों को जामुन, गलगल और नींबू के पौधे वितरित किए तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने चढ़ी पंचायत के लिए 100 लाइटें देने की घोषणा करते हुए कहा कि इन्हें पंचायत के हर वार्ड में लगाया जाएगा।

विद्यालय स्टाफ ने मुख्य अतिथि को शाल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पंचायत प्रधान इंद्रजीत ने स्वागत करते हुए तीन अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए विधायक का आभार जताया तथा पंचायत में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

इससे पहले केवल सिंह पठानिया ने रैत स्थित सीडीपीओ कार्यालय की क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग को लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इसका एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा।

कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा अजय समयाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, अधिशासी अभियंता बीएसएनएल सतपाल, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विपुल, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, बीडीओ रैत योगेंद्र, प्रधानाचार्य रैत शमसेर भारती, प्रधानाचार्य चढ़ी अरुणा पटियाल, डढम्ब स्कूल की मुख्याध्यापक आशा बारू, बीईईओ अरविंद धीमान, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, अभिभावक, स्कूली बच्चे एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *