सीबीएसई स्कूलों के लिए ड्रेस कोड, यूनिफॉर्म और भवनों की रंग योजना तय

11 सितंबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीबीएसई स्कूलों के शिक्षकों के ड्रेस कोड, विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म और स्कूल भवनों की रंग योजना को अंतिम रूप देने के संबंध में चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सीबीएसई स्कूलों के विद्यार्थियों की विशिष्ट यूनिफॉर्म हरे रंग की थीम पर आधारित होगी। महिला शिक्षिकाएं हल्के लाइलैक (बैंगनी) रंग की पोशाक पहनेंगी, जबकि पुरुष शिक्षक हल्के नीले रंग की पैंट और शर्ट पहनेंगे। स्कूल भवनों को ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंगों से रंगा जाएगा।

शिक्षकों का ड्रेस कोड साफ-सुथरा, औपचारिक, शालीन और पेशेवर होगा। इसमें न्यूनतम सहायक वस्तुओं का प्रयोग किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान शिक्षकों के लिए पहचान पत्र पहनना भी अनिवार्य होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को उनके घरों के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई स्कूलों में आवश्यक आधारभूत ढांचे के विकास तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने 80 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इन स्कूलों के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये भी जारी किए जाएंगे।

बैठक में विधायक सुरेश कुमार, चंद्र शेखर और नीरज नैय्यर, हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के सदस्य विजय पाल सिंह, सचिव शिक्षा राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *