मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार योजना के तहत 20 सितंबर तक करें आवेदन : हरदीप सिंह बावा

9 सितंबर, कविता शांति गौतम : नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना के तहत पात्र परिवारों को बीपीएल सूची में शामिल करने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत राजपुरा और गागूवाल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों की अध्यक्षता की।

इस दौरान विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि नालागढ़ विकास खंड के अंतर्गत वर्तमान में 1314 परिवार बीपीएल सूची में शामिल हैं। इसके अलावा ऐसे परिवार और व्यक्ति, जो सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार बीपीएल सूची में शामिल होने के पात्र हैं, वे 20 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

विधायक ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पात्र परिवारों और व्यक्तियों से अपील की कि वे निर्धारित अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन संबंधित पंचायत सचिव, खंड विकास अधिकारी अथवा निर्धारित माध्यम से जमा करवाएं। इससे पात्र लोगों को बीपीएल सूची में शामिल करने के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद मिलेगी।

हरदीप सिंह बावा ने कहा कि पंचायत प्रधान, उपप्रधान, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण स्तर पर कार्यरत कर्मचारी सरकार की योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों के हित में सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र परिवारों को मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत राजपुरा के प्रधान रामनाथ, ढांग उपरली की प्रधान रीता देवी, गागूवाल के प्रधान रविंदर सिंह, मंझौली की प्रधान बलजिंदर कौर, प्लासी कलां के प्रधान विकास कुमार विकी, मंझौली के उपप्रधान नाजर खान, बीडीसी सदस्य सीता देवी, एसडीएम नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया, बीडीओ अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *