9 सितम्बर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने पोस्ट कोड-25005 के तहत प्रूफ रीडर भर्ती प्रक्रिया में 18 और उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया है। इन उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि प्रूफ रीडर पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम 9 जुलाई को घोषित किया गया था। इसके बाद मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया। अब इसी मेरिट के आधार पर 18 अन्य उम्मीदवारों को भी दस्तावेज सत्यापन का अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सभी 18 उम्मीदवारों के रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। इनका दस्तावेज सत्यापन 17 सितंबर को सुबह 10 बजे आयोग के कार्यालय में शुरू होगा। उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी के माध्यम से सूचना दी जाएगी और अलग से बुलावा पत्र जारी नहीं किए जाएंगे।
दस्तावेज सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, स्वप्रमाणित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और पहचान पत्र साथ लाना होगा।
आयोग के सचिव ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होने वाले उम्मीदवारों को बाद में कोई अन्य अवसर नहीं दिया जाएगा।