8 सितंबर: धर्मशाला स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 7 सितंबर को पुलिस अधीक्षक, जिला कांगड़ा की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा एवं पुलिस कल्याण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस उपमंडलाधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच, साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सहित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन और नशा तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और अपराध नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके कल्याण और बेहतर कार्य परिस्थितियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाने का आह्वान किया।